पत्रकार हरि गौतम ने गंगा में डूब रहे युवक की बचाई जान

हरिद्वार। हर की पौड़ी पर शनिवार शाम एक बड़ा हादसा टल गया, जब खड़खड़ी निवासी अजय नामक युवक गंगा के तेज बहाव में बहकर डूबने लगा। मौके पर मौजूद पत्रकार हरि गौतम ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए अपनी जान की परवाह किए बिना गंगा में छलांग लगाई और युवक तक तैरकर पहुंच गए। काफी मशक्कत के बाद उन्होंने युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवक लगभग डूब चुका था, लेकिन समय रहते बचाव होने से उसकी जान बच गई। यह पूरी घटना हर की पौड़ी के सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुई है।
हरि गौतम ने बताया कि वह पिछले 40 दिनों से अपने पसंदीदा फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो की सफलता की कामना को लेकर प्रतिदिन हर की पौड़ी पर गंगा स्नान करने आते हैं। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को तैराकी सिखाने की अपील की। साथ ही चारधाम यात्रा और आगामी कांवड़ मेले को देखते हुए हर की पौड़ी पर स्थायी गोताखोर तैनात करने की मांग भी की।
