21 केंद्रों पर होगी यूकेएसएसएससी स्नातक स्तरीय परीक्षा

उत्तरकाशी। उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) की 14 जून 2026 को आयोजित होने वाली स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा को नकलविहीन, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रशांत आर्य की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र ने केंद्र प्रभारियों और सेक्टर मजिस्ट्रेटों को आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी निगरानी, सघन तलाशी और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध लागू करने को कहा। जनपद में कुल 21 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें भटवाड़ी में 13, बड़कोट में 4, डुंडा में 3 और चिन्यालीसौड़ में 1 केंद्र शामिल है। परीक्षा की निगरानी के लिए जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं तथा 13 व 14 जून को स्मार्ट कंट्रोल रूम भी सक्रिय रहेगा। अधिकारियों ने परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण होने की जानकारी दी।
