अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुपालन को लेकर चलाया अभियान

उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / मोहन सिंह राणा,
उत्तरकाशी। पुलिस मुख्यालय के निर्देश एवं पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय के निर्देशन में फायर सर्विस उत्तरकाशी ने अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुपालन सुनिश्चित करने हेतु विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। प्रभारी अग्निशमन अधिकारी नरेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में टीम ने होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर अग्निशमन उपकरणों, आपातकालीन निकास मार्गों, विद्युत वायरिंग, फायर अलार्म सिस्टम तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की।
निरीक्षण के दौरान जिन प्रतिष्ठानों में आवश्यक अग्नि सुरक्षा उपकरण एवं व्यवस्थाएं मानकों के अनुरूप नहीं मिलीं, उन्हें नोटिस जारी कर शीघ्र सुधार के निर्देश दिए गए। साथ ही संचालकों और कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में बचाव, त्वरित प्रतिक्रिया और प्राथमिक सुरक्षा उपायों की जानकारी देकर जागरूक किया गया। उत्तरकाशी पुलिस ने कहा कि जनसुरक्षा के लिए ऐसे निरीक्षण अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।
