चारधाम यात्रा में खाद्य सुरक्षा पर सख्ती, 21 नमूने जांच को भेजे

रुद्रप्रयाग। चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग लगातार अभियान चला रहा है। सहायक आयुक्त मनोज सेमवाल ने बताया कि होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण के दौरान अब तक पनीर, दूध, घी, मसाले, आटा, बेसन और खाद्य तेल समेत 21 खाद्य नमूने जांच के लिए रुद्रपुर प्रयोगशाला भेजे गए हैं। नियमों के उल्लंघन पर 17 कारोबारियों को नोटिस जारी किए गए हैं। तीन मामलों में न्यायालय ने कुल 90 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया है। अभियान लगातार जारी रहेगा।
