उत्तराखण्ड में शुरू हुआ एसआईआर अभियान, राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने भरे गणना फॉर्म

विकास गर्ग / उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो,
देहरादून। उत्तराखण्ड में मतदाता सूची को शुद्ध, त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के उद्देश्य से विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम की सोमवार से औपचारिक शुरुआत हो गई। अभियान के पहले दिन राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने नैनीताल स्थित लोक भवन में तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में गणना फॉर्म भरकर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) को सौंपा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम, सचिव निर्वाचन दिलीप जावलकर और अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे ने भी गणना फॉर्म भरकर अभियान में सहभागिता की। प्रदेश के प्रमुख राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी पहले दिन गणना फॉर्म भरकर मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को समर्थन दिया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, सीपीआई (एम) के प्रदेश महासचिव राजकुमार पुरोहित तथा बहुजन समाज पार्टी के प्रदेश सचिव जसपाल सिंह को उनके संबंधित क्षेत्रों में गणना फॉर्म उपलब्ध कराए गए।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अभियान के पहले दिन शाम 4 बजे तक प्रदेशभर में 2 लाख 55 हजार 269 गणना फॉर्म वितरित किए जा चुके हैं। उन्होंने सभी मतदाताओं से बीएलओ को सहयोग करने और गणना फॉर्म के साथ अपना नवीनतम पासपोर्ट आकार का फोटो उपलब्ध कराने की अपील की।

हरिद्वार में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान शुरू
हरिद्वार। जनपद में निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान सोमवार से शुरू हो गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि जनपद के सभी 1715 बीएलओ को गणना फार्म उपलब्ध करा दिए गए हैं और वे घर-घर जाकर मतदाताओं को फार्म वितरित कर रहे हैं। उन्होंने सभी मतदाताओं से बीएलओ को सहयोग करने तथा गणना फार्म के साथ अपना नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो उपलब्ध कराने की अपील की।

बीएलओ को मिलेगा मोबाइल रिचार्ज भत्ता
हरिद्वार। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत कार्यरत बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को मोबाइल डाटा रिचार्ज के लिए 350 रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी। जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम की पहल पर जनपद के सभी 1715 बीएलओ को यह सुविधा दी जाएगी।

अभियान शुरू, बीएलओ घर-घर कर रहे सत्यापन
पौड़ी गढ़वाल। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान शुरू हो गया है। अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित कर मतदाताओं का सत्यापन कर रहे हैं। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने बताया कि अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, त्रुटिरहित और अद्यतन बनाना है। उन्होंने नागरिकों से बीएलओ को सहयोग देने और गणना प्रपत्र सही जानकारी के साथ भरकर उपलब्ध कराने की अपील की।

100 वर्षीय दाताराम पुरोहित बने मिसाल
रुद्रप्रयाग। जनपद में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत 100 वर्षीय वरिष्ठ मतदाता दाताराम पुरोहित ने अपना गणना प्रपत्र भरकर लोकतंत्र के प्रति अटूट आस्था का परिचय दिया। ग्राम कुरझण निवासी दाताराम पुरोहित की सक्रिय भागीदारी अन्य मतदाताओं के लिए प्रेरणा बनी है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विशाल मिश्रा ने नागरिकों से अभियान में सहयोग करने की अपील की है।

पुनरीक्षण अभियान में की सहभागिता
चमोली। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत प्रख्यात पर्यावरणविद् चंडी प्रसाद भट्ट ने अपना गणना प्रपत्र भरकर जनसहभागिता का संदेश दिया। जिलाधिकारी गौरव कुमार के नेतृत्व में चल रहे अभियान में 592 बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन कर रहे हैं।
दूरस्थ गांवों में अभियान शुरू
उत्तरकाशी। जनपद में मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए सोमवार से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान शुरू हो गया। दूरस्थ गांव जखोल सहित विभिन्न क्षेत्रों में बीएलओ द्वारा परिवारों से संपर्क कर नाम, आयु और पते सहित मतदाता सूची में दर्ज विवरणों का मिलान किया जा रहा है। नागरिक भरे हुए गणना प्रपत्र मौके पर ही बीएलओ को सौंप सकते हैं।