महिलाओं की सुविधा के लिए शासकीय संस्थानों में लगेंगी सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीनें

उत्तरकाशी। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने जनपद के सार्वजनिक स्थलों एवं शासकीय कार्यालयों में महिलाओं की व्यक्तिगत स्वच्छता सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने महिला शौचालयों में सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीन और इंसिनरेटर स्थापित करने की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि अस्पतालों, ब्लॉक कार्यालयों, महाविद्यालयों और बालिका इंटर कॉलेजों में सैनिटरी पैड मशीनें अनिवार्य रूप से स्थापित की जाएं। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि मशीनें नियमित रूप से कार्यरत रहें और उनमें सैनिटरी पैड की पर्याप्त उपलब्धता बनी रहे। उन्होंने कहा कि महिलाओं को कार्यस्थलों पर स्वच्छ, सुरक्षित और गरिमापूर्ण वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
