नशे में ड्राइविंग और स्टंटबाजी पर चमोली पुलिस का शिकंजा

गोपेश्वर। चमोली पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत सघन चेकिंग अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान नशे में वाहन चलाने, मॉडिफाइड साइलेंसर लगाने, बिना दस्तावेज वाहन संचालन करने और सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने वालों को निशाने पर लिया गया।

पुलिस ने मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर वाहन चलाने वाले एक युवक सहित कई वाहन चालकों के वाहन सीज किए। वहीं शराब के नशे में लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाकर दुर्घटना करने वाले एक चालक को गिरफ्तार कर उसका वाहन भी सीज कर दिया गया। सार्वजनिक स्थान पर शराब पीते पाए गए दो व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस ने कहा कि ऑपरेशन प्रहार के तहत नशे में ड्राइविंग, स्टंटबाजी और यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
