अवैध अतिक्रमण हटाने को लेकर विभागों की संयुक्त बैठक, 10 दिन में कार्रवाई के निर्देश

पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देश पर कोटद्वार तहसील में विभिन्न विभागों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य राजकीय भूमि पर हुए अवैध अतिक्रमणों को चिन्हित कर उन्हें नियमानुसार हटाने की कार्रवाई को तेज करना था।
बैठक में राजस्व, सिंचाई, नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग, जल संस्थान और विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने भाग लिया। सभी विभागों को निर्देश दिए गए कि वे अपने अधीन आने वाली भूमि पर हुए अतिक्रमणों को चिन्हित कर आगामी 10 दिनों के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित करें।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि किसी विभाग की भूमि पर अवैध अतिक्रमण पाए जाने पर संबंधित विभाग की जवाबदेही तय की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर पुलिस एवं प्रशासनिक बल भी उपलब्ध कराया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि राजकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त बनाने का अभियान लगातार जारी रहेगा।
