गढ़वाल विवि में 97 कर्मचारियों को मिले स्थायी नियुक्ति पत्र

श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय में लंबे समय से कार्यरत 97 कर्मचारियों को गुरुवार को स्थायी नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। एसीएल हॉल में आयोजित समारोह में उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत और विनोद कंडारी ने कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र सौंपकर बधाई दी।
विश्वविद्यालय में कुल 147 दैनिक एवं नियत वेतनभोगी कर्मचारियों के नियमितीकरण की प्रक्रिया चल रही है। लंबे समय से लंबित इस मामले को विश्वविद्यालय की कार्यपरिषद ने स्वीकृति प्रदान की थी, जिसके बाद नियमितीकरण का मार्ग प्रशस्त हुआ। कार्यक्रम में डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि राज्य सरकार कर्मचारियों के हितों और उच्च शिक्षा के विकास के लिए प्रतिबद्ध है तथा शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कार्ययोजना बनाई जाएगी।
कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह ने बताया कि कर्मचारियों के रेशनलाइजेशन की प्रक्रिया जारी है और अन्य रिक्त पदों पर भी जल्द नियुक्तियां की जाएंगी। इस अवसर पर मेधावी छात्र शिवांग राजा को कौंसि स्मृति फैलोशिप-2025 से सम्मानित कर 5,100 रुपये की पुरस्कार राशि भी प्रदान की गई।
