मंडलायुक्त ने किया बेस अस्पताल का निरीक्षण, दिए निर्देश

श्रीनगर गढ़वाल। गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप ने गुरुवार को श्रीनगर स्थित बेस अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं और चारधाम यात्रा के दौरान मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने आपातकालीन कक्ष, आईसीयू, ब्लड बैंक, विभिन्न लैब और कैथ लैब का निरीक्षण करते हुए गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने भर्ती मरीजों से बातचीत कर चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली और चिकित्सकों को उपचार में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की हिदायत दी। उन्होंने चारधाम यात्रा और आगामी मानसून सीजन को देखते हुए आवश्यक चिकित्सा उपकरणों, संसाधनों एवं अतिरिक्त मानव संसाधन की मांग शीघ्र भेजने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, तकनीकी व्यवस्थाओं और निर्माणाधीन क्रिटिकल केयर ब्लॉक की प्रगति की भी समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि बेस अस्पताल क्षेत्र का प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र है और यहां बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
