बीडीसी प्रस्तावों की मॉनिटरिंग के लिए बनेगा पोर्टल, लापरवाही पर नोटिस जारी

चमोली। विकासखंड चमोली के दशोली ब्लॉक सभागार में आयोजित क्षेत्र पंचायत विकास समिति (बीडीसी) की विशेष बैठक में जिलाधिकारी गौरव कुमार ने जनप्रतिनिधियों की शिकायतों और विकास कार्यों की समीक्षा की। पूर्व बैठकों के प्रस्तावों और शिकायतों पर अनुपालन रिपोर्ट संकलित न किए जाने पर उन्होंने खंड विकास अधिकारी दशोली एवं सहायक विकास अधिकारी पंचायत के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने वर्तमान बैठक के सभी प्रस्तावों और शिकायतों को एक सप्ताह के भीतर संबंधित विभागों को भेजकर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की तर्ज पर बीडीसी प्रस्तावों एवं शिकायतों की निगरानी के लिए एक समर्पित पोर्टल विकसित करने के निर्देश भी दिए, जिससे विभागीय जवाबदेही तय हो सके।
बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, पशुपालन, विद्युत और पेयजल सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है।
