सभी स्कूलों में अनिवार्य होंगी एनसीसी, एनएसएस और स्काउट-गाइड इकाइयां: डा. धन सिंह

उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / प्रदीप कुमार,
श्रीनगर/देहरादून। विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा है कि राज्य के सभी विद्यालयों में एनसीसी, एनएसएस और स्काउट-गाइड की इकाइयों का गठन किया जाएगा, ताकि प्रत्येक छात्र-छात्रा को प्रशिक्षण और व्यक्तित्व विकास का अवसर मिल सके। श्रीनगर गढ़वाल में आयोजित विद्यालयी शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों को ड्रॉपआउट दर शून्य करने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें, नोटबुक, ड्रेस, जूते और साइकिल उपलब्ध करा रही है, जिससे आर्थिक कारणों से किसी भी छात्र की पढ़ाई प्रभावित न हो। मुख्यमंत्री छात्रवृत्ति योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर पात्र विद्यार्थियों तक इसका लाभ पहुंचाने पर भी जोर दिया गया।
शिक्षा मंत्री ने विद्यालयों में फर्नीचर, पेयजल, विद्युत, शौचालय, कंप्यूटर लैब सहित सभी मूलभूत सुविधाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही छात्र संख्या के आधार पर विद्यालयों के उच्चीकरण, शिक्षकों की पदोन्नति, अटल उत्कृष्ट विद्यालयों, क्लस्टर विद्यालयों और निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
बैठक में गढ़वाल मंडल के मुख्य शिक्षा अधिकारी, डायट प्राचार्य एवं विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। मंत्री ने शिक्षकों के प्रशिक्षण कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी बनाने पर भी बल दिया।
