लक्सर गन्ना विकास समिति की बोर्ड बैठक में किसानों के मुद्दों पर मंथन, खाद का कोटा बढ़ाने की मांग

हरिद्वार। लक्सर गन्ना विकास समिति की बोर्ड बैठक सोमवार को समिति अध्यक्ष अनुराग चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जिसमें गन्ना किसानों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में किसानों से अतिरिक्त 71 की वसूली, खाद वितरण व्यवस्था, कथित खाद कालाबाजारी प्रकरण और आगामी वित्तीय वर्ष के बजट सहित कई विषय प्रमुख रूप से उठाए गए।
बैठक की शुरुआत किसानों से अतिरिक्त धनराशि लिए जाने के मामले से हुई। अध्यक्ष अनुराग चौधरी ने इसे गंभीर विषय बताते हुए कहा कि किसानों पर किसी भी प्रकार का अनावश्यक आर्थिक बोझ नहीं डाला जाना चाहिए। उन्होंने मामले में जिम्मेदार पक्षों के खिलाफ उचित कार्रवाई की आवश्यकता जताई। बोर्ड सदस्यों ने भी किसानों के हितों की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
खाद वितरण व्यवस्था को लेकर सदस्यों ने कहा कि वर्तमान में किसानों को पांच बोरी यूरिया और तीन बोरी डीएपी उपलब्ध कराई जा रही है, जो खेती की जरूरतों के अनुसार पर्याप्त नहीं है। उन्होंने गन्ना किसानों की आवश्यकताओं को देखते हुए खाद के कोटे में वृद्धि की मांग की। इस संबंध में सरकार और संबंधित विभागों को प्रस्ताव भेजने पर सहमति बनी।
बैठक में कथित खाद कालाबाजारी मामले की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय स्तर की जांच पूरी हो चुकी है और अब देहरादून स्थित ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक द्वारा विस्तृत जांच की जा रही है। बोर्ड ने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
इसके अलावा समिति का वार्षिक बजट प्रस्तुत किया गया, जिसे सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। बैठक में किसानों के हितों को सर्वाेच्च प्राथमिकता देने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास जारी रखने का संकल्प दोहराया गया।
