रीप परियोजना की प्रगति की समीक्षा कर दिए जुलाई तक लक्ष्यों की प्राप्ति के निर्देश


हरिद्वार। मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में ग्रामोत्थान परियोजना की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक विकास भवन सभागार में आयोजित की गई। बैठक में परियोजना के अंतर्गत संचालित विभिन्न गतिविधियों, उपलब्धियों और लंबित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। अपर परियोजना निदेशक नलनीत घिल्डियाल, जिला परियोजना प्रबंधक संजय सक्सेना तथा अन्य अधिकारी भी बैठक में उपस्थित रहे।
जिला परियोजना प्रबंधक ने वर्ष 2023 से अब तक परियोजना के अंतर्गत संचालित गतिविधियों, उनके परिणामों और प्रभावों की जानकारी प्रस्तुत की। साथ ही लंबित कार्यों की स्थिति से अवगत कराते हुए एनआरएलएम स्टाफ से परियोजना गतिविधियों और उद्यम स्थापना में पूर्ण सहयोग की आवश्यकता बताई। बैठक में अल्ट्रा पुअर लाभार्थियों को आजीविका पैकेज उपलब्ध कराने, सामुदायिक एवं व्यक्तिगत उद्यमों की स्थापना, शेयर पूंजी संग्रहण, सीड रिवॉल्विंग फंड, कलेक्शन सेंटरों की स्थापना तथा नवाचार आधारित उद्यमों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों और परियोजना टीम को निर्देश दिए कि सभी लंबित कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से जुलाई माह तक स्वीकृत लक्ष्यों की शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने पर जोर दिया। बैठक में ग्रामीण महिलाओं की आय बढ़ाने, स्वयं सहायता समूहों को मजबूत बनाने, स्थानीय उद्यमों को प्रोत्साहित करने और सतत आजीविका के अवसर सृजित करने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने पर भी चर्चा हुई।
रीप परियोजना के माध्यम से हरिद्वार जनपद में महिला स्वयं सहायता समूहों, सामुदायिक संस्थाओं और ग्रामीण उद्यमियों को सशक्त बनाकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!