प्रशासन की तत्परता से बीमार यात्री को हेली एंबुलेंस से किया एयरलिफ्ट


रुद्रप्रयाग। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशन में जिला प्रशासन ने मदमहेश्वर क्षेत्र में गंभीर रूप से बीमार एक यात्री का सफल एयर रेस्क्यू कर मानवता और संवेदनशीलता का परिचय दिया। जानकारी के अनुसार 30 वर्षीय शिवा पुत्र कुलदीप सिंह की तबीयत मदमहेश्वर मंदिर के समीप अचानक बिगड़ गई और उन्हें दो बार हृदयाघात आने की सूचना मिली। दुर्गम क्षेत्र में होने के कारण तत्काल उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना चुनौतीपूर्ण था।
सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और आपदा प्रबंधन टीम ने त्वरित समन्वय स्थापित कर एयर रेस्क्यू की व्यवस्था की। हेलीकॉप्टर के माध्यम से यात्री को शाम 6ः03 बजे सुरक्षित रेस्क्यू कर जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। प्रशासन ने कहा कि चारधाम यात्रा और पर्वतीय क्षेत्रों में आने वाले सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी विभाग पूरी तरह सतर्क हैं। यह त्वरित कार्रवाई यात्री को समय पर जीवनरक्षक चिकित्सा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण साबित हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!