सेवानिवृत्त हुए सहायक निदेशक ललिता प्रसाद को दी विदाई


देहरादून। सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, उत्तराखंड मुख्यालय में सहायक निदेशक ललिता प्रसाद भट्ट के सेवानिवृत्त होने के अवसर पर एक गरिमामय विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके लंबे, समर्पित और उत्कृष्ट सेवाकाल को स्मरण करते हुए भावभीनी विदाई दी तथा उनके स्वस्थ, सुखद और सफल भविष्य की कामना की।
अपर निदेशक आशीष कुमार त्रिपाठी ने कहा कि श्री भट्ट ने अपने सेवाकाल के दौरान कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और सरल व्यवहार का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने विभाग की विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और दक्षता के साथ किया। उनके अनुभव और सहयोगात्मक दृष्टिकोण से विभाग को सदैव लाभ मिला।
संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान ने कहा कि उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड दोनों राज्यों में उनके साथ कार्य करने का अवसर मिला।
संयुक्त निदेशक डॉ. नितिन उपाध्याय ने कहा कि उन्होंने विभाग में एक कुशल, जिम्मेदार और समर्पित अधिकारी के रूप में अपनी अलग पहचान बनाई।
समारोह में अपर निदेशक आशीष कुमार त्रिपाठी, संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान, डॉ. नितिन उपाध्याय, वरिष्ठ वित्त अधिकारी शशि सिंह, उप निदेशक रवि विजारनिया, बद्री चंद सहित विभाग के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने ललिता भट्ट को शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!