श्रद्धालुओं का नया रिकॉर्ड: 39 दिनों में 10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए बाबा केदार के दर्शन


रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध श्री केदारनाथ धाम यात्रा वर्ष 2026 में लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। 22 अप्रैल को कपाट खुलने के बाद से 30 मई 2026 की सायं 5 बजे तक ’’10,00,497 श्रद्धालु’’ बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। इसके साथ ही इस वर्ष की यात्रा ने 39 दिनों में 10 लाख श्रद्धालुओं का आंकड़ा पार कर नया रिकॉर्ड बना दिया है। केवल 30 मई को ही सायं 5 बजे तक ’’24,066 श्रद्धालुओं’’ ने धाम पहुंचकर दर्शन किए।
चारधाम यात्रा के दौरान केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या राज्य सरकार और जिला प्रशासन द्वारा की गई व्यापक तैयारियों और बेहतर व्यवस्थाओं का परिणाम मानी जा रही है। यात्रा मार्ग से लेकर धाम तक सुरक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, यातायात, पेयजल, विद्युत और संचार सेवाओं को मजबूत किया गया है, जिससे श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित यात्रा का अनुभव मिल रहा है।
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशन में यात्रा मार्ग पर चिकित्सा सुविधाओं का विशेष प्रबंध किया गया है। पैदल मार्ग के विभिन्न पड़ावों पर स्वास्थ्य जांच केंद्र, ऑक्सीजन सुविधा और प्रशिक्षित चिकित्सकीय दल तैनात हैं। इसके अलावा पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, डीडीआरएफ, होमगार्ड और अन्य विभागों के कर्मचारी लगातार श्रद्धालुओं की सहायता में जुटे हुए हैं।
यात्रा मार्ग पर नियमित सफाई, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, पेयजल उपलब्धता और विश्राम स्थलों का संचालन भी सुचारु रूप से किया जा रहा है। मौसम संबंधी जानकारी और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए कंट्रोल रूम एवं सूचना तंत्र को भी सक्रिय रखा गया है।
अहमदाबाद, गुजरात से परिवार के साथ केदारनाथ पहुंचे श्रद्धालु भावेश कोपथ ने यात्रा व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि पूरी यात्रा के दौरान उन्हें उत्कृष्ट सुविधाएं मिलीं। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान उनकी पुत्री की तबीयत बिगड़ गई थी, लेकिन मार्ग में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं के माध्यम से उसे तत्काल और निःशुल्क उपचार मिला, जिससे वह शीघ्र स्वस्थ हो गई।
प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है। बेहतर प्रबंधन और समन्वित प्रयासों के चलते केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है और देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु सुरक्षित एवं आध्यात्मिक अनुभव के साथ अपनी यात्रा पूरी कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!