थलीसैंण के कस्तूरबा गांधी विद्यालय का डीएम ने लिया जायजा

पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय तिरपालीसैंण का निरीक्षण कर छात्राओं से संवाद किया और आवासीय व शैक्षणिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने पेयजल, शौचालय, भोजन, स्वच्छता और जल निकासी व्यवस्था की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने शौचालय की मरम्मत, भवन के रंगरोगन और नाली निर्माण के लिए आवश्यक प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छात्राओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। जिलाधिकारी ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने और अपनी प्रतिभा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
