राजकीय भूमि और सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण किसी भी कीमत पर नहीं होगा बर्दाश्त

कोटद्वार। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देश पर राजकीय भूमि पर अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में खोह नदी तट क्षेत्र में किए गए अवैध कब्जों पर राजस्व विभाग, पुलिस विभाग और नगर निगम कोटद्वार की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की।
प्रशासन को प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर संबंधित लोगों को पहले अतिक्रमण हटाने के नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन निर्धारित समय में कार्रवाई न होने पर संयुक्त अभियान चलाया गया। जेसीबी मशीन की सहायता से तीन अवैध फाउंडेशन डीपीसी और एक निर्माणाधीन भवन को ध्वस्त कर दिया गया। उपजिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि राजकीय भूमि, नदी तटों, सार्वजनिक परिसंपत्तियों और आमजन के आवागमन मार्गों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
