औद्योगिक इकाइयों को श्रम कानूनों और कल्याणकारी योजनाओं की दी गई जानकारी

कोटद्वार। जिला उद्योग केंद्र कोटद्वार द्वारा औद्योगिक आस्थान स्थित औद्योगिक इकाइयों और उद्यमियों के लिए श्रम विभाग की कल्याणकारी योजनाओं एवं श्रम कानूनों पर आधारित जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य उद्योगों और श्रमिकों को श्रम संबंधी अधिकारों, प्रावधानों तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी देना था।
कार्यशाला में श्रम विभाग के अधिकारियों ने श्रमिक पंजीकरण, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, श्रमिक कल्याण कार्यक्रमों, कार्यस्थल सुरक्षा मानकों और श्रम कानूनों के अनुपालन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। उन्होंने बताया कि श्रम कानूनों का प्रभावी पालन श्रमिकों के हितों की रक्षा करने के साथ उद्योगों में बेहतर कार्य वातावरण और उत्पादकता बढ़ाने में भी सहायक है। कार्यक्रम में उद्यमियों ने सक्रिय भागीदारी कर विभिन्न विषयों पर चर्चा की।
