वंदे भारत, शताब्दी सहित अन्य ट्रेनें रही प्रभावित, यात्री रहे परेशान
सुमित तिवारी / उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो,

देहरादून/हरिद्वार। शनिवार को आए तेज आंधी-तूफान ने हरिद्वार-देहरादून रेलमार्ग पर रेल संचालन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। रायवाला और हरिद्वार के बीच रेलवे ट्रैक पर एक विशालकाय पेड़ गिर जाने से ओएचई (ओवरहेड इलेक्ट्रिक लाइन) प्रभावित हो गई और रेल यातायात चार घंटे से अधिक समय तक बाधित रहा। इस दौरान वंदे भारत एक्सप्रेस, शताब्दी एक्सप्रेस, योगा एक्सप्रेस और देहरादून-नैनी एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर में तेज हवाओं और बारिश के बीच अचानक एक बड़ा पेड़ रेलवे ट्रैक पर आ गिरा। पेड़ गिरते ही जोरदार धमाके की आवाज के साथ ओएचई लाइन बंद हो गई, जिससे रेलमार्ग पर ट्रेनों की आवाजाही तत्काल रोकनी पड़ी। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारियों, इंजीनियरिंग विभाग, फायर ब्रिगेड और सिविल पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाते हुए कर्मचारियों ने पेड़ को काटकर ट्रैक से हटाने का कार्य शुरू किया।
पेड़ का आकार बड़ा होने और ओएचई लाइन प्रभावित होने के कारण ट्रैक को पूरी तरह साफ करने में काफी समय लगा। रेलवे की तकनीकी टीम ने पहले बिजली आपूर्ति को सुरक्षित किया और उसके बाद ट्रैक से पेड़ हटाने की कार्रवाई की। करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रेलमार्ग को पूरी तरह से साफ किया जा सका। इसके बाद ट्रैक और ओएचई लाइन का सुरक्षा निरीक्षण किया गया तथा संचालन के लिए सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ट्रेनों की आवाजाही बहाल की गई।
रेलमार्ग बाधित रहने के दौरान कई ट्रेनों को विभिन्न स्टेशनों पर रोका गया, जबकि कुछ ट्रेनों का संचालन विलंब से किया गया। यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि स्थिति अब सामान्य है और सभी ट्रेनों का संचालन सुचारु रूप से कराया जा रहा है। साथ ही यात्रियों से सहयोग बनाए रखने की अपील की गई है।

बाल-बाल बची वंदे भारत एक्सप्रेस
जिस स्थान पर विशालकाय पेड़ गिरा, वहां से कुछ ही देर बाद वंदे भारत एक्सप्रेस गुजरने वाली थी। गनीमत रही कि पेड़ ट्रेन के पहुंचने से पहले ही ट्रैक पर गिर गया। यदि यह हादसा कुछ मिनट बाद होता तो बड़ा रेल हादसा हो सकता था। समय रहते ट्रैक बाधित होने की सूचना मिलने से ट्रेन को मोतीचूर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षित रोक लिया गया।

चंद सेकेंड पहले गुजरी थी रेलवे ट्रॉली
पेड़ गिरने से ठीक पहले रेलवे कर्मचारियों से भरी एक ट्रॉली उसी ट्रैक से गुजरी थी। ट्रैक निरीक्षण के लिए यह ट्रॉली देहरादून से हरिद्वार की ओर जा रही थी। कर्मचारियों के वहां से निकलने के कुछ सेकेंड बाद ही विशालकाय पेड़ ट्रैक पर आ गिरा। संयोगवश सभी कर्मचारी सुरक्षित रहे और एक बड़ा हादसा टल गया।

आंधी-तूफान से गिरे होटल के शीशे, यात्री घायल
हरिद्वार। हर की पैड़ी के पास तेज हवाओं के कारण एक होटल के शीशे टूटकर नीचे गिर गए, जिससे वहां से गुजर रहा एक यात्री घायल हो गया। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल यात्री को तुरंत अस्पताल भेजा गया। हरकी पैड़ी चौकी इंचार्ज संजीत कंडारी ने बताया कि क्षेत्र को बैरिकेड कर दिया गया है और यात्रियों को सावधानी बरतने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
वहीं, आंधी-तूफान के चलते राज विहार फेज-2 कॉलोनी में एक विशाल पेड़ गिर गया, जिससे दो बिजली के पोल भी टूट गए। डिवाइन लाइट स्कूल के पास हुई इस घटना से मार्ग अवरुद्ध हो गया और आसपास की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। प्रशासन द्वारा पेड़ हटाने और व्यवस्था बहाल करने का कार्य किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!