तिरंगा लाइटों की तार चोरी मामले का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार


कोटद्वार/पौड़ी गढ़वाल। नगर निगम कोटद्वार द्वारा पुलों पर लगाई गई तिरंगा लाइटों की विद्युत तार चोरी मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं दो विधि विवादित किशोरों को संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई विद्युत तार और जली हुई कॉपर तार बरामद की है।
जानकारी के अनुसार 23 मई 2026 को नगर निगम कर्मचारी विकास ने कोतवाली कोटद्वार में शिकायत दर्ज कराई थी कि पुलों पर लगी तिरंगा लाइटों की विद्युत तार अज्ञात लोगों द्वारा चोरी कर ली गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार ने शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए थे। अपर पुलिस अधीक्षक मनोज ठाकुर और क्षेत्राधिकारी अस्मिता ममगाई के पर्यवेक्षण में गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय सूचना तंत्र और तकनीकी जांच के आधार पर कार्रवाई की। जांच के दौरान दो विधि विवादित किशोरों को संरक्षण में लिया गया, जिन्होंने चोरी की तार कबाड़ियों को बेचने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो कबाड़ियों आमिर निवासी लकड़ी पड़ाव कोटद्वार और ऋतुराज निवासी नजीबाबाद, जिला बिजनौर को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से करीब 40 मीटर विद्युत तार और लगभग 5 किलो जली हुई कॉपर तार बरामद की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!