कण्डारस्यूं और विडोली पेयजल योजनाएं एक माह में पूरी करने के निर्देश


देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। कैबिनेट मंत्री डा. धन सिंह रावत ने श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र की निर्माणाधीन पेयजल योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कण्डारस्यूं भीड़ा-हस्यूंडी और विडोली ग्राम समूह पम्पिंग पेयजल योजनाओं को एक माह के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।
शासकीय आवास पर आयोजित समीक्षा बैठक में मंत्री ने एनआईटी पेयजल पम्पिंग योजना और जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित योजनाओं की प्रगति की भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता पर्वतीय क्षेत्रों में लोगों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना है। डॉ. रावत ने श्रीनगर नगरीय क्षेत्र की पेयजल समस्याओं के समाधान हेतु अधिकारियों को तत्काल कार्य योजना तैयार कर कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। बैठक में ढिकाल गांव पेयजल योजना और थलीसैंण नगर पंचायत की योजनाओं की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि अधिकांश योजनाओं का कार्य अंतिम चरण में है और दो बड़ी योजनाएं अगले एक माह में पूरी कर ली जाएंगी। साथ ही तकनीकी समस्याओं के समाधान के बाद ढिकाल क्षेत्र के 30 गांवों में भी जल्द पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!