चारधाम यात्रा पर एसपी ने जानकीचट्टी में संभाली कमान

उत्तरकाशी। चारधाम यात्रा 2026 में बढ़ती श्रद्धालु भीड़ को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने यमुनोत्री धाम के अंतिम पड़ाव जानकीचट्टी में कैंप कर सुरक्षा और यात्रा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने यातायात, पार्किंग, कुली एजेंसी संचालन और संवेदनशील स्थलों का जायजा लेते हुए पुलिस अधिकारियों को भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पैदल मार्ग पर घोड़ा-खच्चर संचालन को नियंत्रित रखने और सीसीटीवी व ड्रोन से निगरानी बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। आगामी मानसून को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने तथा जरूरत पड़ने पर होल्डिंग एरिया और वन-वे यातायात व्यवस्था लागू करने के निर्देश जारी किए गए।
