शिविर में दी युवाओं को वैश्विक रोजगार के अवसरों की जानकारी

उत्तरकाशी। सेवायोजन विभाग के तत्वावधान में सोमवार को जिला प्रेक्षागृह में मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत एक दिवसीय काउंसलिंग शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे युवाओं को जापान, जर्मनी सहित विभिन्न देशों में रोजगार के अवसरों की जानकारी दी गई। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए उन्हें लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और मेहनत को सफलता का आधार बनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि अनुशासन, सही ज्ञान और बेहतर कार्ययोजना से किसी भी क्षेत्र में सफलता प्राप्त की जा सकती है। शिविर में युवाओं को विदेश में करियर निर्माण से जुड़ी आवश्यक जानकारियां भी दी गईं। इस दौरान जिला सेवायोजन अधिकारी विनायक श्रीवास्तव, रमेश पेटवाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
