जंगल में आग लगाने वालों पर होगी एफआईआर


पौड़ी गढ़वाल। बढ़ती वनाग्नि की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वन विभाग ने सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। डीएफओ गढ़वाल महातिम यादव ने कहा कि जंगलों, नापखेतों और आसपास के क्षेत्रों में आग लगाने या लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि कई मामलों में आग आबादी वाले क्षेत्रों तक पहुंच रही है, जिससे बड़े नुकसान का खतरा बढ़ गया है।
डीएफओ सिविल सोयम पवन नेगी ने जानकारी दी कि बुवाखाल और कालेश्वर बीट में वनाग्नि की घटनाओं को लेकर पहले ही दो मामलों में एफआईआर दर्ज की जा चुकी है। प्रारंभिक जांच में लापरवाही और शरारत की आशंका सामने आई थी।
वन विभाग ने कहा कि लगातार बढ़ते तापमान और वर्षा की कमी के कारण वनाग्नि का खतरा बढ़ गया है। जनपद को वनाग्नि की दृष्टि से संवेदनशील घोषित किया गया है। विभाग ने लोगों से आग संबंधी किसी भी घटना की सूचना तुरंत प्रशासन या वन विभाग को देने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!