महिला से स्नेचिंग की घटना का दून पुलिस ने 06 घंटे में किया खुलासा

देहरादून। दून पुलिस ने ई-रिक्शा सवार महिला के साथ हुई स्नेचिंग की घटना का महज छह घंटे में खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। घटना 22 मई 2026 को विकासनगर क्षेत्र में हुई, जब मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने महिला रोशनी देवी का बैग छीन लिया। बैग में नगदी, आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज मौजूद थे।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल सीसीटीवी फुटेज खंगालकर संदिग्धों की पहचान की और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ढालीपुर रोड के पास चेकिंग के दौरान अभियुक्त रोहित चौधरी और दानिश को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से छीना गया बैग और अन्य सामान बरामद किया गया, जबकि घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को सीज कर दिया गया। पुलिस पूछताछ में दोनों अभियुक्तों ने नशे की लत के चलते घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार दोनों पूर्व में भी मादक पदार्थों की तस्करी और चोरी के मामलों में जेल जा चुके हैं।
