ऑपरेशन नाइट स्ट्राइक: पुलिस ने 38 वाहन सीज कर वसूले 68 हजार

देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में वीकेंड पर दून पुलिस द्वारा ’ऑपरेशन नाइट स्ट्राइक’ के तहत जनपदभर में देर रात तक सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। मुख्यमंत्री के निर्देश पर चलाए जा रहे ’ऑपरेशन प्रहार’ के अंतर्गत अपराधियों और यातायात नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई।

02/03 मई की रात सभी क्षेत्राधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने संदिग्धों के ठिकानों पर औचक छापेमारी कर जांच अभियान चलाया। डालनवाला थाना क्षेत्र में निर्धारित समय के बाद बार संचालित करने पर डायनेस्टी क्लब 90 बार संचालक के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। साथ ही डीजे बजाने वाले दो व्यक्तियों का भी चालान किया गया। अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले 35 लोगों को गिरफ्तार किया गया। यातायात नियम उल्लंघन में 91 वाहन चालकों के चालान कर 68,250 रुपये जुर्माना वसूला गया, जबकि 38 वाहन सीज और 40 चालान न्यायालय भेजे गए।
देर रात घूम रहे 600 से अधिक व्यक्तियों की जांच की गई। 75 संदिग्धों के चालान कर 18,750 रुपये जुर्माना वसूला गया, जबकि 18 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया।
