पौड़ी पुलिस का नशा व साइबर अपराध रोकथाम अभियान तेज

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में नशा और साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए पौड़ी पुलिस का जनजागरूकता अभियान लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस टीम स्कूलों, कॉलेजों, संस्थानों और गांवों में पहुंचकर लोगों को नशे के दुष्प्रभाव और साइबर ठगी से बचाव की जानकारी दे रही है।
थाना सतपुली पुलिस ने कस्बा सतपुली में विधिक साक्षरता अभियान चलाकर महिलाओं और पुरुषों को कानूनी अधिकारों की जानकारी दी। वहीं थाना रिखणीखाल में ग्राम प्रहरियों, व्यापार मंडल पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों के साथ गोष्ठी आयोजित कर सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, साइबर अपराध से बचाव और हेल्पलाइन नंबर 112, 1930 व 1933 की जानकारी साझा की गई।
