कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी और एसएसपी से वार्ता के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने सौंपा ज्ञापन

उत्तराखंड प्रहरी ब्यूरो / जोगेंद्र मावी,
हरिद्वार। भारतीय किसान यूनियन (तोमर) के 21 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम से 22 सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपकर किसानों के साथ प्रदेश की आमजन की समस्याओं को उठाया। उन्होंने गन्ना मूल्य 500 रुपये प्रति क्विंटल के साथ तत्काल भुगतान कराने के साथ स्मार्ट मीटर न लगाने की मांग उठाई। साथ ही ज्ञापन सौंपने के उपरांत घोषित महापंचायत को स्थगित कर दिया।
सोमवार को भारतीय किसान यूनियन (तोमर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी संजीव तोमर की घोषणा के अनुसार किसान जिला कलेक्ट्रेट परिसर रोशनाबाद पहुंचे। संगठन के किसानों के पहुंचने पर किसानों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत भुल्लर ने किसानों के प्रतिनिधिमंडल से अपनी मांगों को रखने को कार्यालय में आमंत्रित किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रतिनिधि के रूप में पवन त्यागी के नेतृत्व में 21 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी और एसएसपी से वार्ता की। करीब आधा घंटा चली वार्ता के दौरान उन्होंने हरिद्वार जिला प्रशासन के माध्यम से प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम से 22 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा।
वार्ता में किसानों की ज्वलंत समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि ज्ञापन के प्रत्येक बिंदु पर गंभीरता से कार्य किया जाएगा। जिसके बाद संगठन ने अपनी प्रस्तावित पंचायत को स्थगित करने का निर्णय लिया। किसानों ने अपनी मांगों में स्पष्ट किया कि यदि इनका समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
ये उठाई मांगे
गन्ने का रेट 500 रुपये प्रति क्विंटल किया जाए और बकाया भुगतान तत्काल हो। स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर पूर्ण रूप से रोक लगे। फसल उगाने के लिए सभी उर्वरक, कीटनाशकों के साथ सभी उपकरणों पर 50 प्रतिशत सब्सिडी दी जाए। पहाड़ी क्षेत्रों में जंगली जानवरों और हाथियों से फसल बचाने के लिए तारबंदी हो और नुकसान का उचित मुआवजा मिले। हालिया बारिश से बर्बाद हुई फसलों का सर्वे कर मुआवजा दिया जाए। जनपद में अवैध खनन, अवैध पशु कटान और नशे के कारोबार पर पूर्ण प्रतिबंध लगे। मुख्यमंत्री के विजन के अनुसार जनपद को भ्रष्टाचार मुक्त बनाया जाए। किसानों पर लगे मुकदमें खत्म किए जाए।
इस दौरान मुख्य रूप से राष्ट्रीय सचिव तालिब हसन, उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौहान, युवा प्रदेश अध्यक्ष सुमित उपाध्याय, प्रदेश सचिव नितिन राठी, मीडिया प्रभारी विकास वालिया, यूपी प्रभारी अजय त्यागी, पश्चिम यूपी से रिहान तोमर, गढ़वाल मंडल अध्यक्ष तस्लीम राव और युवा जिला अध्यक्ष तोसीफ खान सहित समीर, मुसीर, यूनूस प्रधान, मुकेश गुर्जर, समीर आदि शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!