विश्व मलेरिया दिवस: साफ पानी में पनपतें हैं मच्छर, जमा न होने दें पानी


रुद्रप्रयाग। विश्व मलेरिया दिवस पर अगस्त्यमुनि ब्लॉक के इंटर कॉलेज द्वारीधार में जागरूकता गोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम में मलेरिया के लक्षण और बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. शाकिब हुसैन ने बताया कि मच्छर साफ पानी में पनपते हैं, इसलिए पानी जमा न होने दें और साफ-सफाई बनाए रखें। बुखार, सिरदर्द व कमजोरी जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत जांच कराने की सलाह दी गई। छात्रों को पंपलेट वितरित किए गए। साथ ही किशोर स्वास्थ्य, एनीमिया, माहवारी स्वच्छता और तंबाकू के दुष्प्रभावों पर भी जागरूक किया गया।


अभियान चलाकर किया जागरूक

पौड़ी। विश्व मलेरिया दिवस पर स्वास्थ्य विभाग ने जनजागरूकता अभियान चलाकर आमजन को मलेरिया से बचाव के उपाय बताए। विकासखंड पौड़ी के आयुष्मान आरोग्य मंदिर छतकोट में आयोजित कार्यक्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी भावना ने मलेरिया के लक्षण व सावधानियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हर बुखार की जांच जरूरी है और समय पर उपचार न मिलने पर रोग गंभीर हो सकता है। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारुल गोयल ने सामुदायिक सहभागिता को मलेरिया उन्मूलन के लिए आवश्यक बताया।


विश्व मलेरिया दिवस पर किया जागरूक

चमोली। जिला चिकित्सालय गोपेश्वर में विश्व मलेरिया दिवस पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्वास्थ्य शिक्षा संचार प्रबंधक उदय सिंह रावत ने बताया कि मलेरिया संक्रमित मच्छरों से फैलता है और समय पर जांच व उपचार जरूरी है। उन्होंने बुखार, ठंड लगना, सिरदर्द और कमजोरी को इसके प्रमुख लक्षण बताते हुए तुरंत जांच कराने की अपील की। कार्यक्रम में बताया गया कि सरकारी अस्पतालों में जांच व उपचार निःशुल्क उपलब्ध है। बचाव हेतु साफ-सफाई, पानी जमा न होने देना और मच्छरदानी के उपयोग पर जोर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!