अव्यवस्थित पार्किंग पर सख्ती, नए ट्रैफिक प्लान से जाम से मिलेगी राहत


श्रीनगर गढ़वाल। शहर में बढ़ती ट्रैफिक समस्या और अव्यवस्थित पार्किंग को लेकर नगर निगम ने सख्त कदम उठाए हैं। महापौर आरती भंडारी की अध्यक्षता में नगर निगम कार्यालय में मोटर एसोसिएशन पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित कर यात्रा सीजन के लिए नई ट्रैफिक व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में तय किया गया कि यात्रा काल के दौरान टैक्सी एसोसिएशन के सभी वाहन अस्थायी रूप से श्रीनगर थाने के पीछे वाली सड़क पर पार्क किए जाएंगे, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम की स्थिति कम होगी और पैदल यात्रियों को सुरक्षित आवागमन मिल सकेगा। इसके अलावा अलकनंदा कमांडर यूनियन के लिए रोटेशन प्रणाली लागू करते हुए एक समय में केवल पांच वाहनों को खड़े रहने की अनुमति दी गई है। नगर निगम ने स्पष्ट किया कि सुगम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था उसकी प्राथमिकता है। महापौर आरती भंडारी ने कहा कि बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए यह व्यवस्था लागू की गई है, जिससे शहर में जाम की समस्या कम होगी और आमजन को राहत मिलेगी। साथ ही विभिन्न स्थानों पर पार्किंग सुविधाएं विकसित करने पर भी कार्य किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!