हिमालय पुत्र स्व. बहुगुणा ने निभाई थी भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में सक्रिय भूमिका: मुख्यमंत्री

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को घंटाघर के निकट एमडीडीए कॉम्प्लेक्स में उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय हेमवती नंदन बहुगुणा की 107वीं जयंती के अवसर पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बहुगुणा के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में सक्रिय भूमिका निभाई और अपने दूरदर्शी नेतृत्व से देश एवं समाज को नई दिशा प्रदान की। उन्होंने कहा कि बहुगुणा जी केवल एक कुशल राजनेता ही नहीं, बल्कि जनसेवा के प्रति समर्पित एक प्रेरणादायी व्यक्तित्व थे, जिन्होंने विशेष रूप से पर्वतीय अंचलों के विकास के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बहुगुणा जी ने पर्वतीय क्षेत्रों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी पहल की। उनके प्रयासों से क्षेत्रीय विकास को नई गति मिली। उन्होंने कहा कि बहुगुणा जी का संपूर्ण जीवन जनकल्याण, सामाजिक समरसता और समावेशी विकास के मूल्यों के प्रति समर्पित रहा। उनके आदर्श और विचार आज भी समाज को प्रेरित करते हैं और हमें जनहित में कार्य करने की दिशा में मार्गदर्शन प्रदान करते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय बहुगुणा जी का योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा।
इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, सौरभ बहुगुणा, खजान दास, विधायक दुर्गेश्वर लाल एवं अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे।


हेमवती नंदन बहुगुणा के जन्मदिवस पर श्रद्धांजलि अर्पित

पौड़ी। हेमवती नंदन बहुगुणा के जन्मदिवस पर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया सहित अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने उनके स्मारक पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। जिलाधिकारी ने स्मारक के सौंदर्यीकरण, लाइटिंग और वर्टिकल गार्डन के लिए एक सप्ताह में प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा। इस अवसर पर संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी समेत अन्य अधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे।


स्व. हेमवती नंदन बहुगुणा को दी श्रद्धांजलि

श्रीनगर गढ़वाल। बेस अस्पताल में हेमवती नंदन बहुगुणा की 107वीं जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना सहित फैकल्टी और कर्मचारियों ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर आंचल कैफे का शुभारंभ भी किया गया, जिससे मरीजों और तीमारदारों को सुविधा मिलेगी। प्राचार्य ने बहुगुणा के जीवन को जनसेवा और समर्पण का प्रतीक बताते हुए उनके आदर्शों को अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में फैकल्टी सदस्य और कर्मचारी उपस्थित रहे।


हेमवती नंदन बहुगुणा की जयंती पर किया नमन

पौड़ी। राजकीय संग्रहालय बुघाणी में हेमवती नंदन बहुगुणा की 107वीं जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन पुरातत्व विभाग और स्थानीय ग्रामीणों के संयुक्त तत्वावधान में हुआ, जिसमें क्षेत्रवासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। वक्ताओं ने बहुगुणा के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उन्हें दूरदर्शी नेता और जनसेवक बताया। युवाओं से उनके आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर महिलाओं ने लोकगीत और लोकनृत्य की प्रस्तुतियां दीं, जिससे कार्यक्रम का माहौल सांस्कृतिक रंग में रंग गया।


श्रीनगर में बहुगुणा जयंती पर स्मृति व्याख्यान आयोजित

श्रीनगर गढ़वाल। हिमालय पुत्र स्वर्गीय हेमवती नंदन बहुगुणा की 107वीं जयंती पर गढ़वाल विश्वविद्यालय के बिड़ला परिसर स्थित सभागार में स्मृति व्याख्यान आयोजित हुआ। कार्यक्रम से पूर्व उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। मुख्य वक्ताओं ने बहुगुणा के जीवन, दूरदर्शी सोच और पर्वतीय विकास में उनके योगदान को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने शिक्षा, सामाजिक न्याय और क्षेत्रीय विकास को नई दिशा दी। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के अधिकारी, प्राध्यापक, छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!