उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा परिणाम घोषित, बालिकाओं ने फिर लहराया परचम

देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद द्वारा हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाओं का परिणाम घोषित कर दिया है। सूबे के विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने आज रामनगर स्थित विद्यालयी शिक्षा परिषद के सभागार में बोर्ड परीक्षओं के परिणाम जारी किये। इस वर्ष इंटरमीडिएट परीक्षा में कुल परिणाम 85.11 फीसदी जबकि हाईस्कूल में 92.10 फीसदी रहा है। इस अवसर पर विभागीय मंत्री डॉ.रावत ने मेधावी छात्रों व उनके अभिभावकों से फोन पर बात कर उन्हें बधाई व शुभकानाएं दी।
डॉ. रावत ने बताया कि इस वर्ष इंटरमीडिएट में कुल परीक्षा परिणाम 85.11 फीसदी रहा। जिसमें बालकों का उत्तीर्ण प्रतिशत 81.93 जबकि बालिकाओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 88.09 रहा है। उन्होंने बताया कि इंटरमीडिएट में कुल 102986 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। जिसमें से 100452 परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षा में सम्मिलित हुये जबकि 85499 उत्तीर्ण हुये। विगत वर्ष 2025 की तुलना में इस वर्ष इंटरमीडिएट का परीक्षा परिणाम 1.88 फीसदी अधिक रहा है। इसी प्रकार इस वर्ष हाईस्कूल का कुल परीक्षा परिणाम 92.10 फीसदी रहा। जिसमें 88.03 फीसदी बालकों जबकि 96.07 फसदी बालिकाओं ने बाजी मारी। डॉ.रावत ने बताया कि हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा के लिये 112266 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। जिसमें से 108983 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुये जबकि 100373 छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण हुये। हाईस्कूल का परीक्षा परिणाम विगत वर्ष 2025 की तुलना में 1.33 प्रतिशत अधिक रहा है। जो बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी शिक्षकों व छात्र-छात्राओं की मेहनत को प्रदर्शित करता है।
इस अवसर पर विधायक रामनगर दिवान सिंह बिष्ट सभापति विद्यालयी शिक्षा परिषद व निदेशक माध्यमिक शिक्षा डॉ.मुकुुल कुमार सती सचिव विद्यालयी शिक्षा परिषद विनोद कुमार सेमल्टी सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

बोर्ड परीक्षा में इन मेधावियों ने मारी बाजी
उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की 12वीं बोर्ड परीक्षा की संयुक्त श्रेष्ठता सूची में सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज बागेश्वर की गीतिका पंत व भंजूराम अमर इंटर कॉलेज ऊधमसिंह की सुशीला मेंहदीरत्ता ने 98 फीसदी अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से सर्वाेच्च स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज आवास विकास ऋषिकेश के आर्यन ने 97.80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। जबकि सरस्वती विद्या मंदिर मायापुर हरिद्वार की वंशिका ने 97 फीसदी अंक हासिल कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार हाईस्कूल की बोर्ड परीक्षा की श्रेष्ठता सूची में एम.पी.हिन्दू इंटर कॉलेज रामनगर नैनीताल के अक्षत गोपाल ने 98.20 फीसदी अंक हासिल कर सर्वाेच्च स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार एस.वी.एम.इंटर कॉलेज चिन्यालीसौड उत्तरकाशी के इशांत कोठारी तथा जी.बी.पंत राजकीय इंटर कॉलेज खैरना नैनीताल की भूमिका ने 98 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप दूसरा स्थान प्राप्त किया। जबकि विवेकानंद वी.एम.इंटर कॉलेज मण्डलसेरा बागेश्वर के योगेश जोशी ने 97.80 फीसदी अंक हासिल कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षाओं में बागेश्वर जनपद का प्रदर्शन शानदार रहा है। बागेश्वर जनपद ने इंटरमीडिएट में कुल 94.84 फीसदी व हाइस्कूल में 96.98 फीसदी परीक्षाफल के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया।

परीक्षाफल सुधार परीक्षा के भी परिणाम घोषित
उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद ने 10वीं व 12 वीं के परीक्षाफल सुधार परीक्षा-2025 के द्वितीय वर्ष के परीक्षा परिणाम भी घोषित किये। जिसमें हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा का परीक्षाफल 68.67 रहा है। 10वीं बोर्ड परीक्षा में 382 परीक्षार्थियों ने पंजीकरण किया था जिसमें से 239 छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण हुई। इसी प्रकार इंटरमीडिएट परीक्षाफल सुधार परीक्षा (द्वितीय) वर्ष-2025 का परीक्षाफल 66.27 फीसदी रहा। उक्त परीक्षा में कुल 464 परीक्षार्थी पंजीकृत थे जिसमें 279 उत्तीर्ण हुये। बॉक्स-02 हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा के टॉपर अक्षत के घर पहुंचे शिक्षा मंत्री दी बधाई उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम घोषित करने के उपरांत शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा के टॉपर अक्षत गोपल के घर पहुंचे और उन्हें इस शानदार उपलब्धि पर बधाई व शुभकानाएं दी। साथ ही डॉ.रावत ने अक्षत को अपने हाथों से मिठाई भी खिलाई। उन्होंने अक्षत के माता-पिता से भी मुलाकात कर उनके योगदान की सराहना की और परिवार को इस उपलब्धि के लिये बधाई दी। शिक्षा मंत्री ने कहा कि अक्षत की मेहनत लगन और अनुशासन सभी विद्यार्थियों के लिये प्रेरणास्त्रोत है। उन्होंने कहा कि निरंतर परिश्रम सकारात्मक सोच और लक्ष्य के प्रति समर्पण से किसी भी ऊंचाई को प्राप्त किया जा सकता है। इस अवसर पर स्थानीय विधायक दिवान सिंह बिष्ट ने भी अक्षत की सफलता पर खुशी व्यक्त की।

हाईस्कूल में जनपद तीसरे स्थान पर, इंटरमीडिएट में भी शानदार प्रदर्शन
रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड बोर्ड की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाओं के परिणाम घोषित होने पर जनपद के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर गौरव बढ़ाया है। हाईस्कूल परीक्षा में जनपद ने प्रदेश स्तर पर तृतीय स्थान प्राप्त करते हुए मंडल में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं इंटरमीडिएट में जनपद ने मंडल में चौथा और प्रदेश में नौवां स्थान प्राप्त किया।
मुख्य शिक्षा अधिकारी अजय कुमार चौधरी ने बताया कि हाईस्कूल में कुल 3281 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जिनमें से 95.95 प्रतिशत छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण रहे। इंटरमीडिएट में 3177 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जिसमें 87.28 प्रतिशत का परिणाम दर्ज किया गया। प्रदेश की मेरिट सूची में हाईस्कूल के 15 और इंटरमीडिएट के 2 विद्यार्थियों ने स्थान बनाया।
हाईस्कूल में गुरुकुल नेशनल स्कूल अगस्त्यमुनि के आदित्य बुटोला ने 96 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में 8वां स्थान हासिल किया। ब्राइटलेंड इंटरनेशनल सेकेंडरी स्कूल के प्रतीक नौटियाल ने 95.20 प्रतिशत अंकों के साथ 12वां और आयुष सिंह राणा ने 94.80 प्रतिशत अंकों के साथ 14वां स्थान प्राप्त किया।
इंटरमीडिएट में जीएमपीआईसी विजयनगर अगस्त्यमुनि के शिवम मलेठा ने 96.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में 6वां स्थान हासिल किया। इसी विद्यालय के आदित्य नौटियाल ने 94.20 प्रतिशत के साथ 16वां स्थान पाया। अतुल मॉडल पब्लिक इंटरमीडिएट कॉलेज तिलवाड़ा की आरूषि ने 93.4 प्रतिशत के साथ 18वां और निकुंज ने 92.8 प्रतिशत अंकों के साथ 24वां स्थान प्राप्त किया। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने सभी सफल विद्यार्थियों व उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

श्रीनगर में शशांक पुरोहित ने प्रदेश में चौथा स्थान पाया
श्रीनगर गढ़वाल। सरस्वती विद्या मंदिर श्रीनगर में हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित हुआ, जिसमें छात्र शशांक पुरोहित ने 97.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में चौथा और पौड़ी जनपद में प्रथम स्थान हासिल किया। विद्यालय का कुल परिणाम 98 प्रतिशत रहा, जिसमें 6 छात्रों ने विशेष योग्यता और 24 ने प्रथम श्रेणी प्राप्त की। प्रधानाचार्य डॉ. मकेश चंद्र मैठाणी ने छात्रों को बधाई दी। शशांक ने सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को देते हुए भविष्य में इंजीनियर बनने की इच्छा जताई।
उत्तरकाशी के तीन छात्रों ने बोर्ड परीक्षा में किया टॉप
उत्तरकाशी। उत्तराखंड बोर्ड हाईस्कूल परीक्षा में जिले के तीन मेधावी छात्रों ने प्रदेश की टॉप-10 सूची में स्थान बनाकर गौरव बढ़ाया है। इशांत कोठारी ने 490 अंक प्राप्त कर राज्य में दूसरा, प्रांजल सिंह ने 484 अंक के साथ पांचवां और रानी ने 483 अंक के साथ छठा स्थान हासिल किया। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह सफलता मेहनत और लगन का परिणाम है, जो अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा बनेगी।
