गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में छात्रों ने उठाई आवाज, सौंपा ज्ञापन

हरिद्वार। गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में छात्रों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर संगठित पहल करते हुए प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। मुख्य छात्र प्रतिनिधि सोकेन्द्र बालियान रघुवंशी के नेतृत्व में हुई बैठक में सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर कैंपस से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।
बैठक के बाद छात्र प्रतिनिधिमंडल ने रजिस्ट्रार प्रो. सत्यदेव निगमालंकार समेत प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात कर अपनी मांगें रखीं। प्रशासन ने कुछ समस्याओं का समाधान तत्काल कराया, जबकि अन्य को संबंधित विभागों को भेजा गया। ज्ञापन में सुरक्षा, लाइब्रेरी, हॉस्टल, खेल सुविधाएं, कैंटीन, प्लेसमेंट सेल सुदृढ़ करने और छात्र-प्रशासन समन्वय समिति गठन की मांग शामिल रही। छात्रों ने “संवाद से समाधान” पर जोर देते हुए चेताया कि मांगें पूरी न होने पर शांतिपूर्ण तरीके से आगे की रणनीति अपनाई जाएगी।
