जिलाधिकारी ने उच्च व तकनीकी शिक्षा को रोजगारपरक बनाने पर दिया जोर

पौड़ी। जनपद में उच्च शिक्षा और तकनीकी शिक्षा को सुदृढ़, व्यवस्थित और रोजगारपरक बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में महाविद्यालयों और पॉलिटेक्निक संस्थानों की शैक्षणिक स्थिति, परिणाम, प्लेसमेंट, आधारभूत सुविधाओं और संसाधनों पर विस्तार से चर्चा हुई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी संस्थान अपनी अद्यतन जानकारी नियमित रूप से उपलब्ध कराएं और योजनाबद्ध विकास सुनिश्चित करें। उन्होंने स्मार्ट क्लास, डिजिटल लर्निंग और आईसीटी आधारित शिक्षण व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया, ताकि विद्यार्थियों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।
बैठक में फर्नीचर, पेयजल, शौचालय, विद्युत व्यवस्था और भवनों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। जर्जर भवनों के मरम्मत और नए कक्षों के निर्माण हेतु प्रस्ताव शीघ्र भेजने के निर्देश दिए गए। शैक्षणिक गुणवत्ता पर बल देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर और प्रतिस्पर्धी बनाना है। उन्होंने छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं, व्यावसायिक और स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने तथा नियमित करियर काउंसलिंग सत्र आयोजित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही रोजगार मेलों के आयोजन, छात्र रुचि आधारित प्रशिक्षण और पासआउट विद्यार्थियों की प्रगति रिपोर्ट तैयार करने पर भी जोर दिया गया। बैठक में अधिकारियों और संस्थानों के प्रतिनिधियों ने सुझाव प्रस्तुत किए, जिन पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
