करोड़ों की ठगी पर बड़ा एक्शन: 2500 का इनामी आरोपी गाज़ियाबाद से गिरफ्तार


पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। आमजन की गाढ़ी कमाई हड़पने वाले ठगों पर पौड़ी पुलिस ने बड़ा शिकंजा कसते हुए एक साल से फरार 2500 के इनामी अभियुक्त को गाज़ियाबाद से गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई “बोहरा ग्रामीण विकास निधि लिमिटेड” ठगी प्रकरण में की गई, जिसमें अब तक मुख्य आरोपी समेत छह अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
मामले की शुरुआत 5 सितंबर 2024 को हुई, जब कोटद्वार निवासी यास्मीन ने शिकायत दर्ज कराई कि कंपनी के डायरेक्टर के कहने पर उन्होंने एक वर्ष तक प्रतिदिन 100 जमा कर कुल 36,500 निवेश किए, लेकिन अवधि पूरी होने के बाद भी धनराशि और ब्याज वापस नहीं मिला। जांच में सामने आया कि कंपनी के संचालकों ने संगठित रूप से कई लोगों से पैसा जुटाकर करोड़ों रुपये की ठगी की और बाद में कार्यालय बंद कर फरार हो गए। पुलिस जांच के दौरान मुख्य आरोपी दिलीप सिंह बोहरा सहित उसके सहयोगियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था। वहीं, इस मामले में शामिल प्यारे राम लंबे समय से फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी द्वारा 2500 का इनाम घोषित किया गया था।
अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार ठाकुर व क्षेत्राधिकारी निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सर्विलांस की मदद से गाज़ियाबाद में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!