रक्षाबंधन पर हर ओर रौनक, बाजारों में उमड़ी भीड़, राखी, मिठाई और उपहारों की बढ़ी डिमांड


देहरादून/हरिद्वार/विकासनगर। रक्षाबंधन के पावन पर्व को लेकर देहरादून, हरिद्वार, विकासनगर समेत प्रदेश के प्रमुख शहरों से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों के बाजारों में जबरदस्त रौनक देखने को मिल रही है। त्योहार को लेकर बाजार रंग-बिरंगी राखियों, मिठाइयों, कपड़ों और उपहारों से सज गए हैं। सुबह से ही बाजारों में लोगों की भीड़ उमड़ रही है और बहनें भाइयों के लिए पसंदीदा राखियों की खरीदारी कर रही हैं।
राखियों की दुकानों पर फैंसी, रेशमी, जरी, धातु और बच्चों के लिए कार्टून कैरेक्टर वाली राखियों की खूब मांग है। वहीं मिठाई की दुकानों पर काजू कतली, घेवर, रसगुल्ले, बर्फी समेत पारंपरिक मिठाइयों की बिक्री तेज है। भाई भी बहनों के लिए साड़ी, सूट, आभूषण, कॉस्मेटिक और अन्य उपहार खरीदते नजर आ रहे हैं। हरिद्वार और देहरादून के प्रमुख बाजारों के साथ ही विकासनगर, ऋषिकेश, रुड़की और आसपास के कस्बों में भी दुकानदारों के चेहरे खिले हुए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के छोटे बाजारों में भी राखी और मिठाई की दुकानों पर अच्छी भीड़ देखने को मिल रही है। त्योहार के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। पूरे प्रदेश में भाई-बहन के प्रेम और विश्वास का पर्व रक्षाबंधन उत्साह और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!