चमोली में ग्रामोत्थान परियोजना से महिलाओं की आय में बढ़ोतरी

चमोली। अंतर्राष्ट्रीय कृषि विकास कोष सहायतित ग्रामोत्थान परियोजना के तहत संचालित सामूहिक आजीविका सुदृढ़ीकरण योजना ग्रामीण महिलाओं के लिए आय का मजबूत साधन बन रही है। दशोली विकासखंड में हरियाली क्लस्टर लेवल फेडरेशन के माध्यम से 57 स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं दुग्ध उत्पादन और विपणन से जुड़ी हैं। गोपेश्वर में स्थापित आउटलेट से प्रतिदिन लगभग 120 लीटर दूध का विपणन हो रहा है, जिससे क्लस्टर को प्रतिमाह 1.65 लाख रुपये से अधिक आय हो रही है।
परियोजना के तहत दही, पनीर व अन्य दुग्ध उत्पादों का भी विपणन किया जा रहा है, जिससे महिलाओं को घर पर ही बेहतर आय मिल रही है। वर्तमान में 410 महिलाएं इससे जुड़ी हैं और बीते वर्ष 1.39 करोड़ की आय अर्जित की गई।
