पीएम मातृ वंदना योजना की समीक्षा कर दिए प्रगति बढ़ाने के निर्देश

चमोली। जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर देते हुए प्रगति में तेजी लाने और बीस सूत्रीय कार्यक्रम की रैंकिंग में सुधार के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को योजना में आ रही समस्याओं को चिन्हित कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने को कहा, साथ ही पात्र लाभार्थियों तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर बल दिया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी हिमांशु बडोला ने बताया कि योजना के तहत गर्भवती महिलाओं और स्तनपान कराने वाली माताओं को आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। हालांकि पोर्टल पर डाटा अपलोड में तकनीकी दिक्कतें आ रही हैं, जिनके समाधान के लिए प्रयास जारी हैं। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
