स्व-गणना से बढ़ेगी गति और सटीकता, दिया जोर


पौड़ी गढ़वाल। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में जनगणना-2027 के तहत स्व-गणना अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। उन्होंने निर्देश दिए कि जनगणना कार्य को प्राथमिकता देते हुए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए। डीएम ने कहा कि स्व-गणना से समय की बचत होगी और आंकड़े अधिक सटीक मिलेंगे। धीमी प्रगति वाले क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाने और जनप्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी व स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने प्रगणकों को नियमित प्रशिक्षण और तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया। 25 अप्रैल से 24 मई तक फील्ड पर्यवेक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। डीएम ने आमजन से पोर्टल पर स्वयं जानकारी दर्ज कर अभियान को सफल बनाने की अपील की।

स्वगणना के लिए नोडल अधिकारी नामित

टिहरी। जनगणना-2027 के तहत स्वगणना को बढ़ावा देने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल के निर्देशानुसार 10 से 24 अप्रैल 2026 तक नागरिकों के लिए ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्वगणना की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके प्रचार-प्रसार और जनजागरूकता के लिए जिला सूचना अधिकारी को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि अधिक से अधिक लोगों तक इस सुविधा की जानकारी पहुंचाई जाए और उन्हें तकनीकी सहयोग भी दिया जाए। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की है कि वे स्वयं आगे आकर डिजिटल माध्यम से अपनी जनगणना पूर्ण करें, जिससे प्रक्रिया पारदर्शी और प्रभावी बन सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!