पुलिस ने 48 घंटे में किए भोगपुर मंदिर हत्याकांड का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार


हरिद्वार। लक्सर कोतवाली क्षेत्र के भोगपुर गांव स्थित मंदिर में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने महज 48 घंटे में खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त हथौड़ी, पेचकस के साथ ही मंदिर से चोरी किया गया इन्वर्टर और एम्पलीफायर भी बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार 12 अप्रैल को मंदिर के केयरटेकर राजवीर (निवासी गोधना, पुरकाजी, मुजफ्फरनगर) का शव मंदिर परिसर में खून से लथपथ अवस्था में मिला था। घटना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू करते हुए अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस को पास के एक अन्य मंदिर में चोरी की घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद दोनों मामलों को जोड़कर जांच आगे बढ़ाई गई। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही।
गिरफ्तार आरोपी विशाल चौधरी (25) मूल रूप से मेरठ का निवासी है और वर्तमान में मुजफ्फरनगर में किराये पर रहकर ड्राइवर का काम करता है। पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि वह 11 अप्रैल की रात भोगपुर में अपनी मौसी के घर आया था। आर्थिक तंगी के चलते उसने मंदिर में चोरी की योजना बनाई। देर रात जब वह मंदिर का ताला तोड़ रहा था, तभी वहां सो रहे केयरटेकर ने उसे पकड़ लिया। पकड़े जाने के डर से आरोपी ने हथौड़ी से वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद वह मंदिर से करीब 200 रुपये और इन्वर्टर लेकर फरार हो गया तथा पास के एक अन्य मंदिर से एम्पलीफायर भी चोरी कर लिया। घटना के बाद आरोपी मुजफ्फरनगर भाग गया था, लेकिन 14 अप्रैल को चोरी का सामान लेने वापस आने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ हत्या और चोरी सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इस त्वरित कार्रवाई पर स्थानीय लोगों ने पुलिस की सराहना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!