मुनिकीरेती से लापता 12 वर्षीय बालक कानपुर से सकुशल बरामद

टिहरी। जनपद के मुनिकीरेती क्षेत्र से लापता 12 वर्षीय बालक को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के कानपुर से सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। बालक 4 अप्रैल को घर से लापता हुआ था, जिस पर 7 अप्रैल को मामला दर्ज किया गया। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और विभिन्न स्थानों पर तलाश के बाद जानकारी जुटाई कि बालक ऋषिकेश बस अड्डे से बस में बैठकर कानपुर पहुंच गया। 13 अप्रैल को चाइल्ड वेलफेयर कमेटी, कानपुर में बालक के होने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने उसे सुरक्षित बरामद कर लिया। बालक के सकुशल मिलने पर परिजनों ने पुलिस का आभार जताया।
