आंगन मिलन कार्यक्रम में पोषण के प्रति किया जागरूक

पौड़ी। सेवा संकल्प अभियान के तहत पाबौ विकासखंड के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगन मिलन कार्यक्रम एवं पोषण माह का आयोजन किया गया। कोटली, भदुण्डा, विशल्ड-1, विशल्ड-2 और रलथम केंद्रों पर महिलाओं, किशोरियों एवं बच्चों को पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। मुख्य अतिथि कनिष्ठ प्रमुख शिवानी रावत ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रमाणपत्र वितरित किए। इस दौरान छह गर्भवती एवं धात्री महिलाओं तथा पांच किशोरियों को पोषण किट प्रदान की गई। चार किशोरियों को टी-शर्ट और एक लाभार्थी को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट भी दी गई। बाल विकास परियोजना अधिकारी चंद्रकांता काला सहित आंगनबाड़ी कार्यकत्री, सहायिका, आशा कार्यकर्ता एवं लाभार्थी मौजूद रहे।
