आजादी के आंदोलन में कलम की निर्णायक भूमिका, पत्रकारों की सुरक्षा जरूरी

देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। वॉइस ऑफ मीडिया उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष बेणीराम उनियाल ने केंद्र सरकार से महाराष्ट्र की तर्ज पर देशभर में पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ है और पत्रकारों की सुरक्षा सीधे तौर पर स्वतंत्र पत्रकारिता एवं लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़ी है।
उनियाल ने कहा कि पत्रकार जनहित के मुद्दों को सामने लाने, भ्रष्टाचार व अनियमितताओं को उजागर करने और आमजन की आवाज को जिम्मेदार मंच तक पहुंचाने का कार्य करते हैं। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में पत्रकारों और लेखकों की भूमिका को याद करते हुए कहा कि उस दौर में कलम ने जनचेतना जगाने और स्वतंत्रता की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को हिंसा, धमकी और दबाव से सुरक्षा देने के साथ गैर-मान्यता प्राप्त एवं डिजिटल मीडिया से जुड़े पत्रकारों को भी सुरक्षा व्यवस्था के दायरे में लाया जाना चाहिए। साथ ही पत्रकारों के लिए बीमा, स्वास्थ्य सुरक्षा और वित्तीय सहायता की योजनाओं को मजबूत करने की मांग की।
