14 सितंबर से 30 सितंबर तक चलेगा नशामुक्ति का विशेष शपथ अभियान

देहरादून। नशामुक्त भारत अभियान’ के तहत जनपद में 14 से 30 सितंबर तक विशेष शपथ अभियान चलाया जाएगा। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान 14 सितंबर को ऋषिपर्णा सभागार में अभियान का शुभारंभ करेंगे। अभियान के दौरान शैक्षणिक संस्थानों, कोचिंग संस्थानों, छात्रावासों, सरकारी कार्यालयों, औद्योगिक इकाइयों, ग्राम पंचायतों, स्थानीय निकायों, होटल और होम स्टे में ऑनलाइन एवं ऑफलाइन शपथ दिलाई जाएगी।
विद्यालयों में कक्षा एक से 12वीं तक के विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कार्मिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। वहीं, ग्राम पंचायतों और स्थानीय निकायों में नागरिकों तथा महिला स्वयं सहायता समूहों को भी अभियान से जोड़ा जाएगा। खेल प्रशिक्षण केंद्रों और औद्योगिक इकाइयों में भी सामूहिक शपथ कार्यक्रम होंगे। ऑनलाइन शपथ लेकर प्रमाण-पत्र डाउनलोड करना अनिवार्य किया गया है। प्रशासन ने अधिक से अधिक लोगों से अभियान में भागीदारी की अपील की है।
