यूटेट परीक्षा में सॉल्वर बैठाने वाला मुख्य अभ्यर्थी काशीपुर से गिरफ्तार

पौड़ी। उत्तराखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा में अपने स्थान पर सॉल्वर बैठाने के मामले में पौड़ी पुलिस ने मुख्य अभ्यर्थी को काशीपुर से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 29 सितंबर को कोटद्वार के मेहरबान सिंह कंडारी सरस्वती इंटर कॉलेज, कलाबड़ में आयोजित यूटेट परीक्षा के दौरान जांच में सामने आया था कि विशाल कुमार निवासी काशीपुर की जगह हिमांशु चौहान निवासी बिजनौर परीक्षा दे रहा था। पुलिस ने हिमांशु चौहान को मौके से गिरफ्तार कर लिया था।
परीक्षा केंद्र के प्रधानाचार्य की तहरीर पर कोतवाली कोटद्वार में मुकदमा अपराध संख्या 237/2026 दर्ज किया गया। मामले में बीएनएस की धारा 318(2), 318(4), 319(2), 336(3), 340(2) और 61(2) के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस के मुताबिक मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने मुख्य अभ्यर्थी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। विवेचना और साक्ष्य संकलन के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि परीक्षा में विशाल कुमार को स्वयं शामिल होना था, लेकिन उसने कथित तौर पर अपने स्थान पर हिमांशु चौहान को परीक्षा देने भेजा था। इसके बाद पुलिस टीम ने बुधवार को विशाल कुमार पुत्र हरि शंकर, निवासी खेड़ा गंज, काशीपुर, ऊधमसिंहनगर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक शोयब अली, कांस्टेबल अनुज त्यागी और कांस्टेबल चंद्रपाल शामिल रहे।
