अंगदान और देहदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर दिया जोर


श्रीनगर गढ़वाल। रोटरी क्लब श्रीनगर गढ़वाल एवं अवकाश प्राप्त कर्मचारी विकास संगठन के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को अंगदान एवं देहदान के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने अंगदान के महत्व, आवश्यकता और इससे जुड़ी भ्रांतियों की जानकारी दी। मुख्य अतिथि मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. सतीश तथा मुख्य वक्ता एनाटॉमी विभागाध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार द्विवेदी और एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. नियति ऐरन ने कहा कि अंगदान से जरूरतमंद मरीजों को जीवनदान मिल सकता है, जबकि देहदान चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान में महत्वपूर्ण योगदान देता है।
कार्यक्रम से प्रेरित होकर रोटेरियन नरेश नौटियाल, भगवती प्रसाद पुरी, रोटेरियन प्रवीण थपलियाल एवं उनकी पत्नी वंदना थपलियाल सहित कई लोगों ने अंगदान एवं देहदान के लिए सहमति जताई। वक्ताओं ने लोगों से जागरूकता फैलाने और भ्रांतियां दूर करने की अपील की। इस दौरान रोटरी क्लब अध्यक्ष अनिल ढौंढियाल, सचिव डॉ. हरीश भट्ट, संगठन अध्यक्ष मोहन सिंह कुंवर सहित दोनों संस्थाओं के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!