योजना से संवरा गोविंद जोशी का भविष्य, डेयरी से हर माह 60 हजार की कमाई

पौड़ी। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना ग्रामीण युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने में मददगार साबित हो रही है। ग्राम धुंगसरी निवासी 37 वर्षीय गोविंद जोशी डेयरी व्यवसाय से प्रतिमाह करीब 60 हजार रुपये कमा रहे हैं।
गोविंद वर्ष 2017 से डेयरी व्यवसाय से जुड़े हैं। पशुपालन के प्रति रुचि को स्वरोजगार में बदलते हुए उन्होंने मेहनत और अनुभव से कारोबार आगे बढ़ाया। व्यवसाय के विस्तार के लिए मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना का लाभ लिया, जिसके तहत उन्हें 10 लाख रुपये की सब्सिडी मिली। इससे डेयरी व्यवसाय को मजबूती मिली और आय बढ़ाने में मदद मिली। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा ने कहा कि डेयरी और पशुपालन ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार के अच्छे माध्यम हैं। उन्होंने युवाओं से विभागीय योजनाओं की जानकारी लेकर इनका लाभ उठाने की अपील की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार युवाओं और पशुपालकों को स्वरोजगार से जोड़ने के प्रयास कर रही है।
