यातायात नियम तोड़ने पर 15 वाहन चालकों के चालान

उत्तरकाशी। चारधाम यात्रा-2026 के मद्देनजर सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए उत्तरकाशी पुलिस का वाहन चेकिंग एवं जनजागरूकता अभियान जारी है। सोमवार को निरीक्षक यातायात सुनील कुमार के नेतृत्व में धरासू और चिन्यालीसौड़ क्षेत्र में सघन चेकिंग की गई। इस दौरान ओवरस्पीड, ओवरहाइट समेत अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 15 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई। वहीं, नशे की हालत में डम्पर चलाते पाए गए चालक को गिरफ्तार कर वाहन सीज कर दिया गया। पुलिस ने वाहन चालकों और राहगीरों को यातायात नियमों का पालन करने तथा सुरक्षित वाहन संचालन के प्रति जागरूक किया।
